आरएसएसबी अध्यक्ष की अभ्यर्थी को रोचक सलाह- गर्लफ्रेंड से अपने बाबूजी को इस हफ्ते तक वेट करने को कहो
स्टेनोग्राफर भर्ती परिणाम में देरी होने पर एक अभ्यर्थी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक मीम साझा करते हुए आलोक राज से सवाल किए। यूजर मीणाजी ने लिखा कि स्टेनो रिजल्ट प्लीज। इसके साथ मीणाजी ने एक मजाकिया मीम भी शेयर किया। मीम में एक लड़की अपने दोस्त से पूछ रही है- कब आएगा तेरा रिजल्ट। बाबूजी सीजीएल वाले से शादी कर रहे हैं। जवाब में लड़का सोचता है, स्टेनो का कोई पता नहीं है, तू शादी कर ले। इस पर आलोक राज ने लिखा कि मीणा जी, अपनी गर्लफ्रेंड को बोलो वो अपने बाबूजी को इस हफ्ते तक वेट करने के लिए मना ले। आपकी भी निकल पड़ेगी फिर।
एक अन्य यूजर ने पूछा कि मेरा एसएससी जीडी में सिलेक्शन हो जाएगा। फोर्थ ग्रेड का पेपर भी बहुत अच्छा हुआ है। तो मैं कौन सी नौकरी जॉइन करूं। आपको अनुभव है, मेरा मार्गदर्शन करें। अध्यक्ष ने जवाब दिया, सरहद पर रहने वाले मेरे मित्र, यदि दोनों में सिलेक्शन हो तो एसएससी जीडी बैटर है। सेंटर की नौकरी है, प्रमोशन के चांस ज्यादा हैं। हाई सेल्फ स्टीम यानी सम्मान की सीढ़ी पर भी हाई है। इसके साथ ही पूरा देश देखने का मौका मिलेगा। अगर आप अपने जिले और घर के आस-पास ही रहना चाहते हैं तो चतुर्थ श्रेणी ठीक रहेगी।
एक अन्य यूजर सोम सिंह ने फिल्म अभिनेता सनी देओल का एआई जेनरेटेड फोटो पोस्ट कर लिखा, सर, सनी देओल को रिप्लाई कर दो। फोटो में सनी देओले के हाथ में एक पर्चा दिखाया गया जिसमें लिखा था कि लाईब्रेरियन थर्ड ग्रेड का रिजल्ट कब तक जारी होगा। इसके जवाब में आलोक राज ने पोस्ट किया कि सनी जी, ढाई किलो के हाथ में ढाई ग्राम के कागज पकड़ने से ही आप थक रहे हो, बहुत नाइंसाफी है। लाइब्रेरियन के बच्चों को बताओ कि इतने सारे ऑब्जेक्शन उन्होंने keys पर लगाए हैं, इंतज़ार तो करना होगा, अब मैंने result की तारीख दे दी तो अगला डायलॉग होगा तारीख पे तारीख, सो नो (NO) तारीख।









