दिल की सेहत के लिए दौड़ेगा जयपुर: रन फॉर हार्ट का आयोजन रविवार को

सी के बिरला हॉस्पिटल्स के वाइस प्रेसिडेंट अनुभव सुखवानी ने बताया कि इस रन का मकसद लोगों को हृदय रोगों के खतरे से सचेत करना और उन्हें नियमित व्यायाम तथा संतुलित जीवनशैली की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि आज के समय में हृदय रोग तेजी से बढ़ रहे हैं और समय रहते जीवनशैली में सुधार ही इनसे बचाव का सबसे बड़ा उपाय है। ऐसे आयोजनों से न सिर्फ युवाओं बल्कि हर आयु वर्ग के लोगों में जागरूकता आती है।

सी के बिरला हॉस्पिटल्स के जी एम ग्रोथ एंड डेवलपमेंट सचिन सिंह ने बताया की इस रन को तीन श्रेणियों में बांटा गया है – 3 किलोमीटर फन रन, 5 किलोमीटर टाइम्ड रन और 10 किलोमीटर टाइम्ड रन। प्रतिभागी अपनी सुविधा के अनुसार इनमें हिस्सा ले सकेंगे। दौड़ सी के बिरला हॉस्पिटल्स से शुरू होकर त्रिवेणी चौराहा, ऋद्धि सिद्धि, मॉडर्न स्कूल और शिप्रा पथ होते हुए डी मार्ट तक जाएगी। वहां से वापस लौटकर प्रतिभागी हॉस्पिटल पर पहुंचकर इस आयोजन का समापन करेंगे। इस दौरान हृदय विशेषज्ञ डॉक्टर्स का एक सेशन भी होगा जिसमें वे लोगों को हृदय को स्वस्थ रखने के टिप्स भी देंगें।