माल ढुलाई संपर्क में वृद्धि : कश्मीर से सेब की निर्बाध ढुलाई और मिज़ोरम के लिए पहली कार्गो सेवा ने नए आर्थिक अवसरों के द्वार खोले
उत्तर-पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ शशिकिरण के अनुसार पूर्वोत्तर के लिए एक और उपलब्धि के रूप में, असम से लादे गए 21 वैगन सीमेंट के साथ सैरांग (आइज़ोल) के लिए पहली मालगाड़ी रवाना की गई है। मिज़ोरम के लिए मालगाड़ियाँ शुरू होने से निर्माण क्षेत्र में लागत में कमी आने के साथ-साथ राज्य में व्यापक आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
जम्मू और कश्मीर तथा मिज़ोरम जैसे सुदूर सीमांत राज्यों तक मालगाड़ियाँ पहुँचने के साथ, भारतीय रेलवे न केवल राष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखलाओं को मज़बूत कर रहा है, बल्कि इन क्षेत्रों के लोगों के लिए नए आर्थिक अवसरों को भी प्रेरित कर रहा है। ये कदम स्थानीय बाज़ारों की अपार अप्रयुक्त क्षमता का दोहन करने और यह सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण हैं कि दूर-दराज के क्षेत्रों के समुदाय भारत की विकास गाथा में सक्रिय भागीदार बनें।









