सिरसा: नोहर फीडर नहर चोपटा क्षेत्र में टूटी, तीन सौ एकड़ में जलभराव
इसके बाद सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने नहर को नहराना हेड से बंद करवा दिया गया। चोपटा क्षेत्र के सेमग्रस्त गांवों में मानसून की अधिक बरसात होने से जलभराव के कारण फसलों को पहले भी नुकसान हो चुका है। अब जलभराव होने से अगली फसल बिजाई करने में किसानों को परेशानी आएगी। किसानों ने बताया कि दड़बा कलां, माखोसरानी व नहरांवाली में नहर टूटने से काफी नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि नहराना हेड से नोहर नहर फीडर को बंद कर दिया गया। इसके बाद शेरांवाली में पानी डाला गया। शेरांवाली नहर में कई जगह पर किसानों ने मोगे बंद कर रखे हैं। वहीं नहर कई जगह से क्षतिग्रस्त है। इससे शेरांवाली नहर टूटने का भी खतरा बन रहा है। सिंचाई विभाग के एसडीओ हरदीप सिंह ने बताया कि नोहर फीडर नहर गांव माखोसरानी के पास बुधवार को टूट गई। नहर में नहराना हेड से पानी बंद करवा दिया गया है। नहर में आए कटाव को जल्द ही बंद करवा दिया जाएगा।









