नाहन-श्री रेणुकाजी सड़क पर भारी भूस्खलन, 50 मीटर हिस्सा पूरी तरह अवरूद्ध
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आलोक जनवेजा ने बताया कि सूचना मिलते ही दो जेसीबी मौके पर भेजी हैं। हालांकि मलबे की मात्रा काफी अधिक होने के कारण सड़क को पूरी तरह से साफ करने में समय लग रहा है। इसके अलावा नाहन डिवीजन में कई अन्य मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। लोक निर्माण विभाग के अनुसार बर्मा पापड़ी, नलका, कोलांवालाभूड, मातर और भेड़ों जैसे कई महत्वपूर्ण रास्ते भी बंद हैं। इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन विषम परिस्थितियों में भी लोक निर्माण विभाग की टीमें सड़कों को बहाल करने के लिए दिन-रात काम कर रही हैं। अपनी लगन और निष्ठा के साथ ये कर्मचारी लगातार मुश्किल हालात में भी काम कर रहे हैं।
उन्होने बताया कि कई ब्लैक स्पॉट पर 24 घंटे काम जारी है, ताकि जल्द से जल्द यातायात सुचारू हो सके और लोगों की परेशानियां कम हों।
बहरहाल, पिछले कुछ घंटे से जिले को बारिश से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन हालात अभी भी पूरी तरह ठीक नहीं हैं, जिससे और भूस्खलन की आशंका बनी हुई है।









