बैंक मित्र से बदमाशाें ने मारपीट कर लूटे 2.90 लाख, जांच में जुटी पुलिस
गौराबादशाहपुर थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने गुरुवार काे बताया कि गद्दोपुर गांव निवासी सूर्यमणि राय मुफ्तीगंज बाजार में बैंक मित्र का कार्य करते हैं। 5 सितंबर को ईद उल मिलान्नबी का त्यौहार होने के कारण बैंक बंद रहेगा, जिसकी वजह से उन्होंने बुधवार की शाम बैंक से तीन लाख रुपये निकाले थे। लेनदेन का कार्य करने के पश्चात लगभग 10 बजे वह अपनी बाइक से घर जा रहे थे। तभी रसूलपुर ओझयनिया गांव के पास स्थित रेलवे अंडरपास में घात लगाए तीन बदमाशों ने बांस से प्रहार कर उन्हें गिरा दिया और मारपीट करते हुए रुपयों से भरा बैग छीनकर इटैली की तरफ फरार हो गए। बैंक मित्र से लूट की सूचना मिलते ही थाना पुलिस माैके पर पहुंची और घायल बैंक मित्र को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित से मिली जानकारी पर लुटेरों की घेरेबंदी के लिए देर रात तक पुलिस की टीमें लगाई गई लेकिन उनका काेई सुराग नहीं मिल सका।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित और उसके परिजनाें से पूछताछ के आधार पर फिलहाल लूट की रकम स्पष्ट नहीं हाे सकी है। भुक्तभोगी बदहवास अवस्था में कई अमांउट बता रहा है। लुटेरों की तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। वहीं सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस टीम की मदद से घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।————-









