दो किसानों की मौत के बाद अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, 66 गिरफ्तार

गांव त्रिराई दत्तनगर निवासी भगवानदास फरीदाबाद की एक कंपनी में काम करता है। बुधवार को वह घर लौटा और अपने साथ हरियाणा से शराब भी लेकर आया। शुक्रवार की रात उसने ठंढे की बोतल में भरकर यह शराब गांव के सूरजपाल और रामवीर कश्यप के साथ बृजपाल के ट्यूबवेल पर पी। देर रात तक शराब पीने के बाद सूरजपाल और रामवीर की मौत हो गई, जबकि भगवानदास की हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद पुलिस हरकत में आई और जिलेभर में छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 520 लीटर कच्ची शराब, 476 पव्वे अंग्रेजी शराब, 36 पाउच और 610 लीटर लहन बरामद किया। इसके अलावा चार अवैध भट्टियां भी ध्वस्त की गईं।

एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि अवैध शराब का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।