सर्पदंश से किसान की मौत

जानकारी के अनुसार, नदीहार गांव निवासी गनेश (55) खेती-बारी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। गुरुवार दोपहर वे अपने खेत में धान की फसल देखने गए थे। इसी दौरान घास में छिपे जहरीले सांप ने उनके पैर में तीन जगह काट लिया। घायल किसान किसी तरह घर पहुंचे और परिजनों को जानकारी दी। परिजनों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

बताया गया कि परिजन जिला अस्पताल ले जाने के बजाय गनेश को झाड़-फूंक कराने के लिए अन्यत्र ले गए। झाड़-फूंक के दौरान गुरुवार रात ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को घर ले आए और पुलिस को सूचना दी।

किसान की असामयिक मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। राजगढ़ थानाध्यक्ष रणविजय सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।