मानसून खत्म होते ही नक्सल अभियान में तेजी आएगी, नक्सलियों का कोई सुरक्षित ठीकाना नहीं बचेगा : डाॅ. जितेंद्र यादव
उन्हाेने यह दावा भी किया कि बीजापुर जिले में आने वाले कुछ महीनों में नक्सलियों के पास छिपने का कोई सुरक्षित ठीकाना नहीं बचेगा। नक्सलियों के दबाव वाले इलाकों में लगातार ऑपरेशन चलेंगे, सिक्योरिटी वेक्यूम एरिया में ऑपरेशन जारी है। नेशनल पार्क में भी ऑपरेशन चलाया गया है। जिसमें जवानों को बड़ी कामयाबी भी मिली है। आगामी दिनों न सिर्फ नेशनल पार्क बल्कि अबूझमाड़, गंगालूर जो नक्सलियों के कोर इलाके हैं, वहां ऑपरेशन तेज होंगे, जिससे बस्तर में नक्सलियों के पास छिपने का कोई ठीकाना नहीं बचेगा।
एसपी डाॅ. जितेंद्र यादव ने कहा कि बीजापुर में सबसे अधिक नक्सलियों के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद यहां नक्सलियों के आत्मसमर्पण में भी इजाफा हुआ है। बुधवार को ही 30 नक्सलियों ने एक साथ आत्मसमर्पण किया है। इसके पहले भी बड़ी संख्या में नक्सली आत्मसमर्पण करने आ चुके हैं। सुरक्षाबलाें के बढ़ते दबाव और सरकार की आत्मसमर्पण को लेकर नई नीति के बाद बड़ी संख्या में नक्सल संगठन से जुड़े हुए लोग हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण कर रहे हैं।









