चाईबासा चेंबर का नवम चुनाव होगा निष्पक्ष, पारदर्शी और डिजिटल
चाईबासा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2025-27 के लिए आगामी 14 सितम्बर को रवीन्द्र भवन में नवम चुनाव का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में मंगलवार को चुनाव समिति ने अस्थायी चुनाव कार्यालय (गांधी टोला स्थित पीएचईडी कार्यालय के सामने) में प्रेस वार्ता कर चुनाव की औपचारिक घोषणा की।
मुख्य चुनाव अधिकारी मुकेश मोदी ने बताया कि इस बार का चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और कुछ स्तरों पर डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से कराया जाएगा। चेम्बर के व्हाट्सएप ग्रुप को अब केवल एडमिन ही चला सकेंगे। चुनाव में बाहरी व्यक्ति की मदद करने वाले उम्मीदवार का नामांकन रद्द कर दिया जाएगा।
नामांकन पत्र 27 और 28 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक मिलेंगे। दाखिला 29 और 30 अगस्त को होगा, जबकि 31 अगस्त को नामांकन वापसी व जांच होगी। उसी दिन वैध उम्मीदवारों की सूची, आदर्श आचार संहिता और मतपत्र क्रमांक भी जारी कर दिए जाएंगे। मतदान 14 सितम्बर को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक रवीन्द्र भवन में होगा और मतगणना उसी दिन संपन्न की जाएगी।
अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य सहित कुल 17 पदों पर चुनाव होंगे, जबकि 4 सदस्यों का मनोनयन निर्वाचित अध्यक्ष की ओर से किया जाएगा।
अध्यक्ष पद के लिए 21,000 रुपये, उपाध्यक्ष के लिए 15,000 रुपये, सचिव के लिए 14,000 रुपये, संयुक्त सचिव एवं कोषाध्यक्ष के लिए 10,000 रुपये तथा कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए
3,000 रुपये नामांकन शुल्क तय किया गया है। पुनर्मतगणना के लिए 3,000 रुपये शुल्क लिया जाएगा, जो अप्रतिदेय होगा।
पदों के लिए योग्यता संबंधी नियम भी तय किए गए हैं। अध्यक्ष बनने के लिए एक सत्र पदाधिकारी रहना अनिवार्य है, वहीं अन्य पदों के लिए एक सत्र कार्यकारिणी सदस्य रहना आवश्यक होगा। कार्यकारिणी पद के लिए
वे सदस्य योग्य होंगे, जिन्होंने सत्र 2023-25 से पूर्व सदस्यता ली हो।
चुनाव समिति ने सभी सदस्यों से आह्वान किया है कि वे चेम्बर और व्यवसाय हित में भागीदारी के लिए आगे आएं। प्रेस वार्ता में चुनाव अधिकारी पंकज चिरानिया, बाबूलाल विजयवर्गीय, निवर्तमान अध्यक्ष नितिन प्रकाश, कार्यकारी अध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।









