अनूपपुर: अमरकंटक विश्वविद्यालय में एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर हमला, 7 के खिलाफ मामला दर्ज

शिकायत में बताया गया है कि 14 अगस्त को विश्वविद्यालय में व्याप्त अनियमितताओं को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं और छात्रों ने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया था। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान सुबह 7 बजे संगठन के कार्यकर्ता मुख्य द्वार पर बैठे हुए थे। इसी दौरान गेट बंद कर दिया गया और बाहर खड़ी कुछ छात्राओं को अंदर आने से रोक दिया गया। इसी बीच लगभग 8.50 बजे कुछ विद्यार्थी और स्थानीय लोग जिनमें जयगणेश दीक्षित, विशाल ताम्रकार, आयुष राय और शरद द्विवेदी शामिल बताए गए गेट के भीतर घुस आए। जब सावन सिंह ने आपत्ति जताई तो कथित रूप से उक्त लोगों ने उन्हें गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसे और मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट रोकने आए कार्यकर्ता शिवेन्द्र चतुर्वेदी, अमन परमार, अखिलेश सिंह और प्रणव मिश्रा को भी अन्य लोगों ने बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमले में विकास केशरवानी, प्रथम गुप्ता और करण सिंह राठौर भी शामिल थे। घटना में सावन सिंह को प्राइवेट पार्ट, हाथ और पैरों में चोट आई है। वहीं अमन परमार के दाहिने हाथ और सिर में तथा शिवेन्द्र चतुर्वेदी के सीने, पीठ और हाथ में चोटें आईं। सूचना मिलने पर पुलिस व उपस्थित लोगों ने बीच-बचाव किया।