रांची कार्यालय में राजद के प्रदेश अध्यक्ष ने किया ध्वजारोहण

रांची, 15 अगस्त । झारखंड में राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजद के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने ध्वजारोहण किया और उपस्थित पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने अपने संबोधन में देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों को नमन किया और स्वतंत्रता के मूल्यों को संरक्षित रखने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल सामाजिक न्याय, समानता और एकता के सिद्धांतों के लिए प्रतिबद्ध है। हम झारखंड में जनता के हितों के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे और राज्य के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान और राज्य में समावेशी विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने यह भी जोर दिया कि राजद संगठन को और मजबूत करने के लिए आगामी समय में सदस्यता अभियान को और तेज किया जाएगा।

इस अवसर पर राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष अनीता यादव, युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष रंजन कुमार, इरफान अंसारी, सुनील साहू, कमलेश, साहील साहनी, धर्मेंद्र महतो सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान के साथ देश के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण को दोहराया। समारोह में बड़ी संख्या में राजद के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।