अंबेडकर की प्रतिमा लगाने के लिए मंत्री ने लिखा पत्र
पत्र में मंत्री ने डॉ अंबेडकर के जीवन, विचारधारा और देश को दिए गए योगदानों का उल्लेख करते हुए कहा कि बाबा भीमराव अंबेडकर ने न सिर्फ भारत का संविधान रचा, बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को भी अधिकार दिलाने का काम किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के कारण ही आज दलितों, वंचितों और शोषितों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व और समान अवसर मिले हैं। उनके विचार आज भी सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक समानता के लिए प्रासंगिक हैं।
वित्त मंत्री ने लिखा कि डॉ अंबेडकर की प्रतिमा का विधानसभा परिसर में होना न सिर्फ सम्मान का प्रतीक होगा, बल्कि यह विधायकों को भी समता, न्याय और समरसता के मूल्यों की याद दिलाता रहेगा।
उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया कि इस विषय पर शीघ्र निर्णय लेकर झारखंड विधानसभा परिसर में बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित की जाए, जिससे राज्य की लोकतांत्रिक परंपराओं को और मजबूती मिले।









