ग्रामीणों ने तीन संदिग्ध युवकों की पिटाई कर किया पुलिस के हवाले

ग्रामीणों के अनुसार, तीनों युवक एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव के आसपास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे थे। उनकी हरकतों पर शक होने पर सतर्क ग्रामीणों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। तलाशी लेने पर एक युवक के पास से अवैध देशी पिस्तौल और नाइन एमएम की जिंदा गोली बरामद हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने बांधकर उनकी पिटाई कर दी।
ग्रामीणों की सूचना पर राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को गिरफ्तार कर थाने ले गई। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों की पहचान वीरेंद्र सिंह, पिंटू कुमार और आकाश हेंब्रम के रूप में हुई है। इनके पास से मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। जांच में पता चला है कि तीनों के खिलाफ सरायकेला और पश्चिम सिंहभूम जिलों में पहले से ही आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।