फतेहाबाद: नौकरी के नाम पर ठगी का शिकार बना रहे साइबर ठग : एसपी

फतेहाबाद: नौकरी के नाम पर ठगी का शिकार बना रहे साइबर ठग : एसपी

फतेहाबाद, 18 जुलाई (हि.स.)। फतेहाबाद पुलिस ने आमजन को टेलीग्राम सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर तेजी से फैल रहे फर्जी नौकरी घोटालों से सतर्क रहने की सलाह दी है। शुक्रवार को इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने एक विशेष एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात स्रोत से प्राप्त नौकरी प्रस्ताव को बिना जांचे-परखे स्वीकार न करें। एसपी ने बताया कि साइबर ठग अब टेलीग्राम, व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉम्र्स पर लोगों को आकर्षक वेतन और घर बैठे काम के झूठे प्रस्ताव देकर उन्हें ठगने का प्रयास कर रहे हैं। ये ठग फर्जी कंपनियों के नाम से इंटरव्यू लेटर, नियुक्ति पत्र आदि भेजते हैं और उसके बाद पंजीकरण शुल्क, प्रोसेसिंग फीस, या दस्तावेज़ सत्यापन के बहाने पैसे की मांग करते हैं। कई मामलों में लोग हजारों से लेकर लाखों रुपये तक की ठगी का शिकार हो चुके हैं। पुलिस की जांच में यह तथ्य सामने आया है कि इन साइबर अपराधियों के अधिकतर ऑपरेशन विदेशी मोबाइल नंबरों या फर्जी आईडी के माध्यम से संचालित होते हैं, जिससे उनकी पहचान करना और भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अज्ञात नंबर से आए संदेश या लिंक पर क्लिक न करें, और न ही अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करें। कोई भी प्रतिष्ठित कंपनी नौकरी देने के लिए आपसे कभी भी प्रोसेसिंग फीस या दस्तावेज़ सत्यापन शुल्क नहीं मांगेगी। यदि आपको किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नौकरी का प्रस्ताव मिलता है, तो पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करें। यदि हर नागरिक सतर्क और जागरूक रहेगा, तो हम साइबर ठगों को आसानी से विफल कर सकते हैं। खुद भी सतर्क रहें और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। पुलिस द्वारा आमजन को लगातार साइबर सुरक्षा से संबंधित परामर्श एवं जानकारी दी जा रही है। इसी कड़ी में यह एडवाइजरी जारी की गई है, ताकि कोई भी व्यक्ति फर्जी नौकरी के झांसे में आकर ठगी का शिकार न हो।