तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, युवक गंभीर
तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, युवक गंभीर
मीरजापुर, 25 जून (हि.स.)। अहरौरा थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर बुधवार सुबह करीब नौ बजे एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
भगवानपुर बेलखरा निवासी नीतेश यादव (20) पुत्र सियाराम यादव अपनी बहन को कन्हईपुर गांव स्थित एक निजी विद्यालय छोड़कर बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बिंदपुरवा गांव के सामने स्थित एक गैस एजेंसी के पास वाराणसी की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची अहरौरा पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल नीतेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा पहुंचाया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।









