सूरजपुर : 16 स्कूल बसों का जिला परिवहन कार्यालय में हुआ भौतिक सत्यापन
सूरजपुर : 16 स्कूल बसों का जिला परिवहन कार्यालय में हुआ भौतिक सत्यापन
सूरजपुर, 16 जून (हि.स.)। जिले में स्कूल बसों की सुरक्षा एवं संचालन व्यवस्था को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित 16 बिंदुओं के दिशा-निर्देशों के तहत जिला परिवहन कार्यालय में आज विशेष भौतिक सत्यापन अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न स्कूलों की कुल 16 बसों को कार्यालय बुलाकर उनका निरीक्षण किया गया।
भौतिक सत्यापन के दौरान सभी स्कूल बसों के दस्तावेजों की जांच की गई, जो संतोषजनक पाए गए। हालांकि, कुछ बसों में तकनीकी खामियां पाई गईं, जिन्हें सुधारने के निर्देश वाहन संचालकों को दिए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुधार के पश्चात ही इन बसों का स्कूल में संचालन किया जा सकेगा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की तकनीकी टीम द्वारा सभी बस चालकों का नेत्र परीक्षण भी किया गया। साथ ही जिला सेनानी, अग्निशमन विभाग की टीम ने चालकों को प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया और उनकी समस्याओं का समाधान किया गया।कार्यक्रम के दौरान यातायात विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।









