लाल पानी से प्रभावित ग्रामीणों ने कांग्रेस विधायक को सौंपा ज्ञापन, 20 जून को जायेंगे प्रभावित क्षेत्र
लाल पानी से प्रभावित ग्रामीणों ने कांग्रेस विधायक को सौंपा ज्ञापन, 20 जून को जायेंगे प्रभावित क्षेत्र
बीजापुर, 16 जून (हि.स.)। जिले में लाल पानी से प्रभावित ग्राम पुसनार, हिरोली और डुमीरपालनार के पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बीजापुर के कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी से मुलाकात कर एनएमडीसी के बैलाडीला स्थित आयरन खदान से निकलने वाली लाल पानी से गांवों को होने वाले नुक़सान की जानकारी देते हुए ज्ञापन सौंपा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांवों से होकर बहने वाली बेरूदी नदी का पानी एनएमडीसी के आयरन खदान से दूषित हो गया है। इस नदी के पानी के उपयोग से मवेशियों की आकस्मिक मृत्यु हो रही है,साथ ही खेतों के फसल भी नष्ट हो रहे है और आम जनता इसी पानी का उपयोग करके बीमार हो रही है। ग्रमीणाें ने यह मांग उठाई कि एक बार लाल पानी प्रभावित क्षेत्र का सर्वे किया जाए एवं जो नुकसान हो रहा है उसका मुआवजा मिलना चाहिये, साथ ही एनएमडीसी बचेली में लाल पानी प्रभवित क्षेत्रो के बेरोजगार युवकों को रोजगार दिया जाये, लाल पानी प्रभावित क्षेत्र में एक सर्वसुविधा युक्त अस्पताल खोला जाये, गाय बैल के मृत्यु होने पर उसका मुआवजा दिया जाये। कद्मपाल डेम जैसा एक डेम डुमरीपालनार में भी बनाया जाये। बीजापुर के कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने लाल पानी प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों की मांगों को सही ठहराते हुए कहा कि सरकार को जल्द से जल्द ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले 20 जून को वे एनएमडीसी खदान से निकलने वाले लाल पानी से प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर जायजा लेने स्वयं भी जाएंगे।
—————









