नए कोरोना वेरिएंट को लेकर जालौन प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

नए कोरोना वेरिएंट को लेकर जालौन प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

जालौन, 6 जून (हि.स.)। कोरोना वायरस के नए वेरिएंट की संभावित दस्तक को लेकर स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। जिला प्रशासन ने नए वेरिएंट के खतरे को देखते हुए तैयारियां शुरू कर दी हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एन.डी. शर्मा ने शुक्रवार काे बताया कि जिले में कोरोना के नए वेरिएंट को लेकर पूरी तरह से सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ विभाग की टीम पूरी तरह से सक्रिय है। जिले में 200 आइसोलेशन वार्ड तैयार किए गए हैं और 4 ऑक्सीजन प्लांट्स को सक्रिय कर दिया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हम पूरी तरह से तैयार हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में बेड, दवाइयों और मेडिकल ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली है। साथ ही, कोविड टेस्टिंग और वैक्सीनेशन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

उधर, जिला प्रशासन ने नए वेरिएंट के मामले सामने आने पर त्वरित कार्रवाई के लिए एक कंट्रोल रूम स्थापित किया है। जिलाधिकारी ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों को निर्देश दिए हैं कि कोरोना के लक्षण वाले मरीजों की जांच तुरंत की जाए और उन्हें आइसोलेट किया जाए।

स्वास्थ्य विभाग ने जनता से मास्क पहनने, सैनिटाइजर का उपयोग करने और भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने की अपील की है। साथ ही, जिन लोगों को कोरोना के लक्षण (बुखार, खांसी, गले में खराश, सांस लेने में तकलीफ) दिखाई दें, उन्हें तुरंत जांच कराने की सलाह दी गई है।

—————