रेलवे ट्रैक पर हेड कांस्टेबल का मिला क्षत-विक्षत शव
रेलवे ट्रैक पर हेड कांस्टेबल का मिला क्षत-विक्षत शव
बरेली, 3 जून (हि.स.)। सुभाषनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के रेलवे ट्रैक पर जीआरपी बरेली जंक्शन में तैनात हेड कांस्टेबल विनीत कुमार (42) का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। सिर धड़ से अलग था, जिससे प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही एसएसपी अनुराग आर्य, सीओ जीआरपी ए.के. सिंह और इंस्पेक्टर परवेज खान समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
मृतक की वर्दी पहने अवस्था में लाश मिली, कमर में सरकारी पिस्तौल, पास में बैग, पर्स और मोबाइल भी मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। विनीत कुमार मूल रूप से फर्रुखाबाद के रहने वाले थे और उनका परिवार हाथरस पुलिस लाइन में रह रहा है। वे दिसंबर 2024 से बरेली में जीआरपी में तैनात थे।
बताया जा रहा है कि उनकी ड्यूटी बेगमपुरा एक्सप्रेस में थी। हालांकि, मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस आत्महत्या, हत्या या दुर्घटना—तीनों पहलुओं पर जांच कर रही है। इंस्पेक्टर परवेज खान ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।









