फतेहाबाद: बुलेट में पटाखे बजाने व एंबुलेंस को रास्ता न देने पर होगी कार्रवाई
फतेहाबाद: बुलेट में पटाखे बजाने व एंबुलेंस को रास्ता न देने पर होगी कार्रवाई
फतेहाबाद, 1 जून (हि.स.)। एसपी सिद्धांत जैन ने जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारियों को कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा है कि बुलेट मोटरसाइकिल में अवैध रूप से ‘पटाखा साइलेंसर’ लगाने वाले मिस्त्रियों और ऐसे साइलेंसर का प्रयोग करने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। रविवार को जारी निर्देशों में एसपी ने कहा कि इस तरह के मॉडिफाइड साइलेंसर से उत्पन्न होने वाली तेज आवाजें न केवल ध्वनि प्रदूषण को बढ़ावा देती हैं, बल्कि इससे बुजुर्गों, मरीजों, छात्रों और आमजन को भारी असुविधा होती है। यह शांति भंग करने के साथ-साथ ट्रैफिक नियमों का भी उल्लंघन है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मई माह के दौरान जिलेभर में पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगे 140 बुलेट मोटरसाइकिलों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें इम्पाउंड किया है। एसपी ने निर्देश दिए हैं कि बुलेट मोटरसाइकिल में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले मिस्त्रियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए। ऐसे वाहनों की नियमित चेकिंग की जाए तथा दोषियों पर चालान, जब्ती अथवा एफआईआर की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आमजन को इस विषय में जागरूक किया जाए कि वे अवैध साइलेंसर का प्रयोग न करें।एम्बुलेंस को रास्ता न देने वालों पर भी होगी सख्त कार्रवाईपुलिस अधीक्षक ने यह भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आपातकालीन सेवाओं, विशेषकर एम्बुलेंस को रास्ता न देने वाले वाहन चालकों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में सीसीटीवी फुटेज व सोशल मीडिया से प्राप्त शिकायतों के आधार पर जांच कर दोषियों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान अथवा अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में एम्बुलेंस को रास्ता देना हर नागरिक का कर्तव्य है। इसमें बाधा बनना न केवल अनैतिक है, बल्कि किसी की जान के लिए खतरा भी बन सकता है। ऐसे मामलों में बिल्कुल भी नरमी नहीं बरती जाएगी। फतेहाबाद पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।









