फतेहाबाद: महिलाओं की यात्रा को सुरक्षित बनाएगी ट्रिप मॉनिटरिंग सुविधा : इंस्पेक्टर मंजू
फतेहाबाद: महिलाओं की यात्रा को सुरक्षित बनाएगी ट्रिप मॉनिटरिंग सुविधा : इंस्पेक्टर मंजू
फतेहाबाद, 12 मई (हि.स.)। महिला सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस पूरी तरह तत्पर है। अगर कोई महिला रात के समय कहीं से आ रही हो, वह अकेली होने पर भी किसी भी परिस्थिति में खुद को असुरक्षित महसूस न करें। आपकी एक कॉल पर महिला पुलिस आपकी सहायता के लिए पहुंच जाएगी व ट्रिप मॉनिटरिंग के तहत महिला को उसके गंतव्य स्थान पर सकुशल पहुंचा देगी। यह बात फतेहाबाद पुलिस की महिला जागरूकता टीम प्रभारी इंस्पैक्टर मंजू ने फतेहाबाद के एमएम कॉलेज में सोमवार को आयोजित सेमिनार में छात्राओं को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने छात्राओं को 112 एप्प व दुर्गा शक्ति एप्प के महत्व के बारे में जानकारी दी और अपील की है कि यह दोनों एप्प हर महिला के पास होनी चाहिए। छात्राओं को जिला पुलिस की दुर्गा शक्ति टीम से ईएचसी सुनीता व कांस्टेबल सुनीता ने भी संबोधित कर महिला सुरक्षा को लेकर अनेक जानकारियां सांझा कीं। कॉलेज प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास ने अतिथियों का स्वागत किया। एमएम कॉलेज महिला सैल इंचार्ज डॉ. मीनाक्षी कोहली की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं को टीएमएस यानि ट्रिप मॉनिटरिंग सुविधा के बारे में जानकारी देते हुए इंस्पैक्टर मंजू ने कहा कि अक्सर आपने देखा होगा कि महिलाएं जब रात को घर पर देरी से आती हैं, तो परिवार के लोग उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं, लेकिन अब लोगों की चिंता थोड़ी कम हो जाएगी, क्योंकि हरियाणा पुलिस ने एक बेहतर पहल शुरू की है। उन्होंने बताया कि महिलाओं के सुरक्षित सफर के लिए हरियाणा पुलिस ने ट्रिप मॉनिटरिंग सुविधा शुरू की है। इस सुविधा के तहत पुलिस अब महिलाओं को घर तक सुरक्षित पहुंचाने का काम करेगी। रात में कैब और ऑटो में सफर करने वाली महिलाएं 112 पर फोन कर ट्रिप मॉनिटरिंग की सुविधा ले सकती हैं। उन्होंने बताया कि यह सुविधा लेने के लिए महिला को सबसे पहले 112 पर फोन करना होगा और वेब-आधारित फॉर्म के माध्यम से अपनी यात्रा का पंजीकरण करवाएंगी। सभी जानकारी देने के बाद महिला का ट्रिप शुरू होगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस के जवान जीपीएस से महिला के ट्रिप को मॉनिटर करेंगे। हर आधे और एक घंटे बाद कंट्रोल रूम से फोन कर महिला की कुशलक्षेम भी पूछी जाएगी। यात्रा के दौरान यदि कैब या ऑटो बीच में रुकता है या फिर रूट में बदलाव होता है, तभी पुलिस महिला को फोन कर जानकारी हासिल करेंगी।









