फतेहाबाद में प्रस्तावित नागरिक अस्पताल को मेडिकल कॉलेज का दर्जा देने की मांग
फतेहाबाद में प्रस्तावित नागरिक अस्पताल को मेडिकल कॉलेज का दर्जा देने की मांग
फतेहाबाद, 9 मई (हि.स.)। फतेहाबाद में प्रस्तावित नागरिक अस्पताल को एक बार फिर मेडिकल कॉलेज का दर्जा देने की मांग जोर पकडऩे लगी है। शहर की विभिन्न संस्थायें 2018 से लगातार प्रस्तावित नागरिक अस्पताल को मेडिकल कॉलेज बनाने की मांग लगातार करती आ रही है। प्रस्तावित नागरिक अस्पताल को मेडिकल कॉलेज का दर्जा देने व इसके साथ पड़ी खाली एजुकेशन की जमीन को मिलाकर देने की घोषणा भी तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा कर दी गई थी मगर किन्हीं राजनीतिक कारणवश यह मांग सिरे नहीं चढ़ पाई थी। अब दोबारा यह मांग उठने लगी है। शुक्रवार को सिटी वेलफेयर क्लब के सदस्यों ने भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण जोड़ा को एक ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम देकर मांग रखी की प्रस्तावित नागरिक अस्पताल जोकि मेडिकल कॉलेज के मानदण्ड पूरे करता है, उसे मेडिकल कॉलेज का दर्जा दिया जाए। क्लब सदस्यों ने कहा कि इससे जहां प्रदेश सरकार को इसे बनाने के लगभग 2 हजार करोड़ की बचत होगी, वहीं इसके साथ लगती सेक्टर 9, 10, 11 की सैंकड़ों एकड़ जमीन से सरकार को अनुमानित 50 हजार करोड़ का लाभ भी होगा और जल्दी लोगों को मेडिकल कॉलेज की सुविधा फतेहाबाद जिले में मिलेंगी। संस्था अध्यक्ष विनोद अरोड़ा ने कहा कि यह बात सब जानते है कि दूरदराज बने मेडिकल कॉलेज का रैंक अच्छा नहीं होता है जबकि जिला हेडक्वार्टर पर बनने वाले मेडिकल कालेज का रैंक भी अच्छा माना जाता है। जब इमारतें नई बन ही चुकी है तो सरकार को जनता के करोड़ों रुपए बचाने का काम करना चाहिए। इस विशालकाय बन रहे प्रस्तावित नागरिक अस्पताल को मेडिकल कॉलेज का दर्जा देना चाहिए। भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने संस्था सदस्यों को आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार इस तरह से जनता के पैसे को बर्बाद नहीं करेगी। इस विषय पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। इस अवसर पर लवली मेहता, परम अरोड़ा, जितेंद्र मंगल, दीपक सरदाना, मुकेश नारंग, सुरेंद्र गाबा, भाजपा महामंत्री जगदीश शर्मा, बनवारी गहलोत, प्रदीप जांगड़ा आदि मौजूद रहे।









