फंड जुटाने और रक्त की उपलब्धता पर ध्यान दें रेडक्रॉस के सदस्य: उपायुक्त

फंड जुटाने और रक्त की उपलब्धता पर ध्यान दें रेडक्रॉस के सदस्य: उपायुक्त

पलामू, 8 मई (हि.स.)। फंड जुटाने और रक्त की उपलब्धता पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी पलामू से जुड़े पदाधिकारी और सदस्य ध्यान दें। अक्सर देखने एवं सुनने में मिलता है कि ब्लड बैंक में रक्त की कमी से थैलेसिमिया जैसे मरीज को भी रक्त नहीं मिल पाता। रक्तदान को लेकर जागरूकता फैलाएं। ज्यादा से ज्यादा संगठनों से संपर्क करें और ब्लड डोनेट करायें।

ब्लड बैंक में रक्त की कमी न हो, इस पर ध्यान देने की जरूरत है। उक्त बातें जिले के उपायुक्त शशि रंजन ने कही। उपायुक्त गुरूवार को विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर पलामू क्लब में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की जिला शाखा पलामू एवं पारस हॉस्पिटल रांची के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर एवं रक्तदान कार्यक्रम का उदघाटन दीप प्रज्जवलित कर करने के बाद संबोधित कर रहे थे।

निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर पूर्वाहन 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित हुआ। शिविर में पारस हॉस्पिटल के प्रसिद्ध ह्रदय रोग विशेषज्ञ डॉ कुमार अभिषेक आर्या, नस रोग विशेषज्ञ डॉ अरुण कुमार एवं फिजिसियान व डालटनगंज के प्रसिद्ध ह्रदय रोग विशेषज्ञ डॉ सच्चिदानंद ने अपनी सेवा दी। शिविर में लगभग 100 लोगों ने नस एवं ह्रदय रोग की जांच करायी। 125 लोगों ने रक्त जांच करायी।

रक्तदान शिविर में सिविल सर्जन ने अपना रक्तदान कर शिविर का शुभारंभ किया। उनको मिलाकर 12 लोगों ने रक्तदान किया।

रेडक्रास के सचिव डॉ सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि रेडक्रॉस सोसाइटी एक सेवा संस्थान है, जो स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करती है।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष आलोक पाठक, संयोजक सुधीर अग्रवाल, मुख्य परियोजन अध्यक्ष गिरधारी गर्ग, आलोक वर्मा, रिंकू दुबे, कमल गर्ग, कृष्णा प्रसाद अग्रवाल, जितेंद्र सिंह, विश्वाजीत गुप्ता, मनोज तिवारी, लखन सिंह, विजय सिन्हा, मंगल सिंह, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, मनोहर कुमार लाली समेत अन्य सदस्य मौजूद थे।

—————