हादसे में एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर
हादसे में एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर
पूर्वी सिंहभूम, 5 मई (हि.स.)। बागबेड़ा प्रधानटोला में जलापूर्ति योजना के तहत चल रहे पाइपलाइन बिछाने के कार्य में बड़ी चूक सामने आई है। सोमवार को खुदाई के दौरान सुरक्षा उपायों के अभाव में दो युवक गड्ढे में गिर पड़े। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि दूसरा अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
घटना के दौरान दोनों युवक मौके के पास से गुजर रहे थे। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण मिट्टी काफी दलदली हो चुकी थी, जिससे फिसलकर दोनों गहरे गड्ढे में जा गिरे। मृतक की पहचान कृष्णा (24) के रूप में की गई है, जबकि घायल युवक पंचू को स्थानीय लोगों ने तुरंत गड्ढे से बाहर निकाला और इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर कोई चेतावनी चिन्ह, बैरिकेडिंग या सुरक्षा घेरा नहीं था, जिससे आम लोगों को खतरे का अंदाज़ा नहीं हो सका। हादसे के बाद लोग गुस्से में हैं और उन्होंने ठेकेदार तथा नगर निगम प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
इलाके के लोगों की मांग है कि ठेकेदार पर आपराधिक मामला दर्ज हो और भविष्य में इस प्रकार के कार्यों में सुरक्षा के मानक नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन मौके पर पुलिस पहुंचकर जांच में जुट गई है। बागबेड़ा थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिली है।वे जांच कर रहे हैं।
—————









