भाखड़ा नंगल डैम पर पंजाब पुलिस का कब्जा, बीबीएमबी के कर्मचारियों को लाैटाया

भाखड़ा नंगल डैम पर पंजाब पुलिस का कब्जा, बीबीएमबी के कर्मचारियों को लाैटाया

चंडीगढ़, 1 मई (हि.स.)। हरियाणा व पंजाब के बीच चल रहे भाखड़ा जल विवाद के बीच पंजाब पुलिस ने गुरुवार को भाखड़ा डैम के कार्यालय परिसर पर कब्जा कर ताला जड़ दिया है। हरियाणा को पानी छोड़ने के लिए डैम पहुंचे बीबीएमबी के कर्मचारियों को वापस लौटा दिया गया। विवाद के चलते भाखड़ा डैम के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर डैम की तरफ जाने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया गया है। पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस साथियों के साथ भाखड़ा पुल पर पानी की रखवाली के लिए बैठ गए हैं।

दरअसल, बुधवार को रातभर चंडीगढ़ स्थित बीबीएमबी के कार्यालय में बैठकों का दौर चलता रहा, जिसमें फैसला लिया गया कि हरियाणा को अतिरिक्त पानी छोड़ा जाएगा। इसके बाद से राज्य में राजनीति गरमा गई। पंजाब में सत्तारूढ. आम आदमी पार्टी के मंत्रियाें और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर हरियाणा काे अतिरिक्त पानी देने पर भाजपा सरकार का विराेध किया।

गुरुवार को केन्द्र सरकार के निर्देश पर भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (बीबीएमबी) ने पंजाब कैडर से यहां तैनात भाखड़ा डैम के डायरेक्टर (वाटर रेगुलेशन) इंजी. आकाशदीप सिंह को हटा दिया। उनकी जगह अब इंजी. संजीव कुमार को डायरेक्टर रेगुलेशन नियुक्त किया गया है। संजीव हरियाणा के कोटे से बोर्ड में नियुक्त हैं। संजीव इससे पहले डैम सेफ्टी के डायरेक्टर थे। उनकी जगह पर इस डैम सेफ्टी के डायरेक्टर पद पर आकाशदीप को नियुक्त कर दिया गया है। ऑर्डर में दावा किया गया है कि यह फैसला आकाशदीप की ही मांग पर किया गया है। इसके कुछ समय बाद बीबीएमबी में सेक्रेटरी पद पर तैनात हरियाणा के अधिकारी सुरिंदर सिंह मित्तल को भी हटा दिया गया। अब सेक्रेटरी का चार्ज पंजाब कोटे के बलवीर सिंह को दे दिया गया है।

पंजाब सरकार ने पत्र लिखकर बीबीएमबी के फैसले का विरोध किया। पंजाब सरकार के निर्देश पर रोपड़ रेंज के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर तथा अन्य अधिकारी आज दोपहर भाखड़ा डैम पहुंचे और डैम को चारों तरफ से सील कर दिया। पंजाब पुलिस ने डैम में पानी सप्लाई वाले प्वाइंट पर ताला लगाकर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। अधिकारियों ने एक बार वहां जाने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें वापस भेज दिया। दिनभर इसे लेकर विवाद चलता रहा। इस बीच बीबीएमबी के अधिकारियों ने ताजा हालात पर केंद्र सरकार को पत्र लिखकर आज हुए सारे घटनाक्रम के बारे में अवगत करा दिया है। इसी बीच पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस अपने साथियों के साथ भाखड़ा पुल पर पहुंचे और पानी की रखवाली करने का दावा करते हुए पुल पर ही बैठ गए हैं।

—————