दो नक्सलियों के घर ढोल बजाते पहुंची पुलिस, चिपकाया इश्तेहार
दो नक्सलियों के घर ढोल बजाते पहुंची पुलिस, चिपकाया इश्तेहार
रांची, 16 मार्च (हि.स.)। नक्सली संगठन टीएसपीसी से नाता तोड़कर अपना अलग आपराधिक संगठन बीकेएस तिवारी’ बनाने वाले हार्डकोर नक्सली कमांडर रामेश्वर महतो उर्फ पहाड़ी के घर रविवार को पुलिस ने इश्तेहार चिपकाया। इसके अलावा संगठन के ही सक्रिय सदस्य अनिश अंसारी उर्फ अविनाश के घर भी ढोल बजाते हुए इश्तेहार चिपकाया गया। रामेश्वर महतो का घर हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र के डमारू गांव में है। वहीं, अनिश अंसारी का घर रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र के मतवे गांव में है। लंबे समय से फरार रामेश्वर महतो उर्फ पहाड़ी और अनिश अंसारी उर्फ अविनाश को इश्तेहार के सहारे यह खबर दी गई कि वे तय समय तक सरेंडर कर दें, वर्ना उसके घर को कुर्क कर लिया जायेगा। इन लोगों के खिलाफ राजधानी रांची से सटे ठाकुरगांव थाना में संगीन धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। साथ ही बड़कागांव, केरेडारी खलारी, बुढ़मू और ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के कई कांडों में वांटेड हैं। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश के बाद डीआईजी सह रांची एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा के निर्देश पर खलारी डीएसपी राम नारायण चौधरी की देखरेख में ठाकुरगांव और बुढ़मू पुलिस के जरिये की गयी है।
—————









