एचएसजीएमसी चुनाव में फतेहाबाद से महेंद्र सिंह वधवा ने  किया नामांकन

एचएसजीएमसी चुनाव में फतेहाबाद से महेंद्र सिंह वधवा ने  किया नामांकन

फतेहाबाद, 28 दिसंबर (हि.स.)। प्रदेश भर में 19 जनवरी 2025 को होने वाले हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के चुनावों को लेकर फतेहाबाद हल्के से शनिवार को शिरोमणी अकाली दल आजाद के उम्मीदवार के रुप में गुरुद्वारा सिंह सभा के महासचिव महेंद्र सिंह वधवा ने नामांकन दाखिल किया। अपने समर्थकों के साथ लघु सचिवालय पहुंचे वधवा ने अधिकारियों को अपना नामांकन सौंपा। बता दें कि पिछले काफी समय से महेंद्र सिंह वधवा गुरूद्वारा सिंह सभा के महासचिव है तथा हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के एडहॉक कमेटी में वो पहले से ही सदस्य के रुप में अपनी सेवाएंं दे रहे हैं। नामांकन दाखिल करने के बाद महेंद्र सिंह वधवा ने मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि जब से हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी अस्तित्व में आई है, पहली बार चुनाव होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल ने एक धार्मिक पार्टी बनाई है जोकि सिर्फ धार्मिक चुनाव ही लड़ेगी ना कि किसी तरह की कोई राजनैतिक गतिविधि होगी। उन्होंने बताया कि दादूवाल द्वारा उन्हें पार्टी का यहां का उम्मीदवार घोषित किया गया है जिसके तहत उन्होंने आज अपना नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के रजिस्टर्ड न होने के कारण हमें आजाद उम्मीदवार गिना जा रहा है लेकिन पार्टी की तरफ से पूरा समर्थन है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन की एडहॉक कमेटी अपना काम बखूबी कर रही है। अब संगत को मौका मिला है कि वो अपनी पसंद के सदस्य चुनकर कमेटी में भेजने का काम करेंगे। उन्होंने पार्टी की तरह से उम्मीदवार घोषित करके उन्हें समर्थन देने पर बलजीत सिंह दादूवाल और प्रधान भूपेंद्र सिंह असंध का आभार व्यक्त किया। उन्होंनें संगत को विश्वास दिलाते हुए कहा कि दास को चुनकर भेजने का काम करें। गुरुघरों के पहले से चल रहे कार्यो को और आगे बढ़ाने का काम करेंगे तथा गुरुघरों की सेवा करने का काम करेंगे।