खूंटी में सज गया क्रिसमस बाजार, तैयारी में जुटे मसीही विश्वासी

खूंटी में सज गया क्रिसमस बाजार, तैयारी में जुटे मसीही विश्वासी

खूंटी, 22 दिसंबर (हि.स.)। क्रिसमस को लेकर मसीही विश्वसियों का उत्साह चरम पर है। क्या शहर और क्या कस्बा हर ओर क्रिसमस का बाजार सज गया है। विभिन्न जगहों पर गूंज रहे कैरोल गीतों और क्रिसमस गैदरिंग और ईसाइयों का उत्साह बता रहा है कि प्रभु ईसा मसीह का आगमन जल्द होनेवाला है।

जिला मुख्यालय के आरसी, जीईएल सीएनआई सहित अन्य गिरजाघरों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है।विभिन्न गिरजाघरों के रंग-रोगन का काम अंतिम दौर में है। 24 दिसंबर की रात होनेवाली विशेष प्रार्थना के विशेष व्यवस्था की गई है। प्रकाश व्यवस्था के साथ ही चर्च आनेवाले मसीही विश्वासियों के बैठने के लिए खास व्यवस्था की जा रही है। 24 दिसंबर को रौमन कैथोलिक चर्च में आधी रात को विशेष प्रार्थना शुरू होगी,जबकि जीईएल चर्च में शाम से ही विशेष प्रार्थना और अनुष्ठान शुरु हो जाएंगे।

खूंटी जिला मुख्यालय के अलावा प्रखंड और कस्बाई इलाकों में क्रिसमस का बाजार सज चुका है। मसीही विश्वसियों के घरों से लेकर सड़कों तक क्रिसमस की खुशी साफ तौर पर दिख रही है। विभिन्न चौक-चौराहों पर क्रिसमस के रंग-बिरंगे स्टार्स, क्रिसमस ट्री चरनी, सांता क्लोज की टोपी, ड्रेस विभिन्न प्रकार की लाइट और पटाखों से पूरा बाजार पट गया है। राशन और कपड़ों की दुकान पर खरीदारों की भारी भीड़ देखी जा रही है। सामाजिक कार्यकर्ता पीटर मंडू कहते हैं कि क्रिसमस की तैयारी काफी व्यापक रुप से हो रही है। इसके जरिए हम अपने घर, मन, शरीर और भाव-भावनाओं को स्वच्छ करते हैं। मसीही विश्वासी बंस सुरीन ने कहा कि प्रभु यीशु का आगमन प्रेम और शांति का एहसास करानेवाला है।

—————