फतेहाबाद:लापता युवक का शव झाडिय़ों में मिला,शरीर पर नहीं चोट के निशान
फतेहाबाद:लापता युवक का शव झाडिय़ों में मिला,शरीर पर नहीं चोट के निशान
फतेहाबाद, 21 नवंबर (हि.स.)। फतेहाबाद के गांव अलीपुर बरोटा से लापता मजदूर का शव गुरुवार काे गांव भिरडाना के पास झाड़ियों से बरामद हुआ है। इस बारे में सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
युवक की मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं चला है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव अलीपुर बरोटा निवासी 32 वर्षीय वीरू राम मजदूरी का काम करता था। वह विवाहित था और उसके दो बच्चे हैं। परिजनों ने बताया कि गत दिवस सुबह 9 बजे वह बाइक पर घर से मजदूरी करने के लिए निकल गया था। रात को वह घर वापस नहीं लौटा, जिसके बाद सब उसकी तलाश में जुट गए।
इसी दौरान उन्हें सोशल मीडिया पर भिरडाना के कब्रिस्तान के पास किसी युवक का शव मिलने की सूचना मिली। जब वे शव देखने पहुंचे तो शव वीरू राम का था। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शव की जांच पड़ताल की। उसके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले।









