दीपावली पर घर के साथ ही मन के विचारों काे भी स्वच्छ रखें – गुरु चरण गौड़
दीपावली पर घर के साथ ही मन के विचारों काे भी स्वच्छ रखें – गुरु चरण गौड़
करेरा, 27 अक्टूबर (हि.स.)। सरस्वती शिशु मंदिर करेरा में रविवार काे दीपावली मिलन समारोह का आयाेजन हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि की आसंदी से बोलते हुए शिवपुरी विभाग के विभाग समन्वयक श्री गुरु चरण गाैड़ ने कहा कि हम जिस प्रकार घर को स्वच्छ रखते हैं, इस तरह हमारे मन के विचार भी स्वच्छ रहें, जिससे हमारा समाज- हमारा देश उन्नत बन सकें। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति की उपाध्यक्ष एवं पूर्व छात्र डॉक्टर श्वेता शर्मा ने की। उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के आदर्श के अनुकरण के साथ शुभकामनाएं प्रदान की। कार्यक्रम की भूमिका विद्यालय की व्यवस्थापक वरिष्ठ साहित्यकार सतीश श्रीवास्तव ने रखते हुए कहा हमारा प्रयास हो कि आख़िरी छोर पर रह रहे गरीब के घर तक को हम रोशन कर सकें।
कार्यक्रम का प्रारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन वंदना के साथ किया गया। नन्हे मुन्ने बच्चे राम -लक्ष्मण- सीता एवं हनुमान के स्वरूप में आए। उनका पूजन कर दीप प्रज्वलित कर विद्यालय को अयोध्या मय कर दिया। इस अवसर पर भैया बहनों ने रामायण के प्रसंग बड़े ही प्रभावी ढंग से सबके सामने रखे जिसकी सभी अतिथियों और उपस्थित पालकों ने सराहना की। तत्पश्चात आचार्य परिवार को मिष्ठान के साथ भेंट प्रदान कर शुभकामनाएं दी गई। कार्यक्रम का संचालन आचार्य प्रदीप गुप्ता, परिचय प्राचार्य उमाशंकर भार्गव एवं आभार आचार्य विनीत दुबे द्वारा व्यक्त किया गया। इस अवसर पर बहनों द्वारा रंगोली के साथ दीपक सजाओ प्रतियोगिता एवं भैयाओं के द्वारा शुभकामना संदेश भी बनाए गए ।
—————









