पहले युवती संग की छेड़खानी, फिर तमंचा लेकर घर पहुंचा डराने, गिरफ्तार

पहले युवती संग की छेड़खानी, फिर तमंचा लेकर घर पहुंचा डराने, गिरफ्तार

हरिद्वार, 27 अक्टूबर (हि.स.)। एक मनचले युवक को युवती संग छेड़खानी करने और उसके बाद तमंचा लेकर युवती के घर पहुंचकर धमकाने के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के पास से तमंचा भी बरामद कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक गत 14 जुलाई को थाना बहादराबाद में एक व्यक्ति पर अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के सम्बन्ध में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपित का नाम रोहित मिश्रा उम्र 28 वर्ष निवासी खराजपुर थाना बहादुरपुर जिला दरभंगा बिहार बताया गया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने आरोपित की तलाश में कई संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी, किन्तु आरोपित लगातार फरार चल रहा था। आरोपित ने फिर से दुस्साहस करते हुए 26 अक्टूबर को युवती के घर पहुंचकर उसे तमंचा दिखाते हुए मुकदमा वापस न लेने पर गोली मारने की धमकी दी।

धमकी मिलने पर पीड़िता ने घटना के संबंध में पुलिस को तत्काल सूचना दी। पुलिस ने कार्यवाही करते हुए आरोपित को पुराना पथरी हाउस के सामने से दबिश देकर दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपित के कब्जे से एक तमंचा तथा एक जिन्दा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपित का चालान कर दिया है।

—————