फतेहाबाद में नशेड़ी युवक ने मां काे चारपाई के पाये से हमला कर माैत के घाट उतारा

फतेहाबाद में नशेड़ी युवक ने मां काे चारपाई के पाये से हमला कर माैत के घाट उतारा

फतेहाबाद, 19 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव मोहम्मदपुर रोही में एक युवक ने अपनी मां पर चारपाई के पाये से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद युवक मौके से फरार हो गया। इस बारे सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीन ऑफ क्राइम की टीम ने भी मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में गांव मोहम्मदपुर रोही निवासी जगजीवन सिंह ने कहा है कि उसके भाई राम सिंह की मृत्यु हो गई थी। उसके दो लडक़े सोनू व रवि शराबी किस्म के युवक है और दोनों खेत में मकान में रहते हैं। उसकी भाभी 50 वर्षीय नसीब कौर उनसे अलग गांव में किराये के मकान में रहती है। सोनू व रवि की पत्नियां कृष्णा व सोनिया भी बच्चों के साथ नसीब कौर के पास गांव में ही रहते हैं।

जगजीवन ने कहा कि अब कृष्णा व सोनिया दोनों कपास चुगाई के लिए गुजरात गई हुई है। सोनू अपनी मां नसीब कौर को बार-बार कहता था कि वह उसकी पत्नी को उनके साथ नहीं रहने देती। वह अक्सर अपनी मां को जान से मारने की धमकी देता था। जगजीवन ने कहा कि गत दिवस सोनू अपनी मां को अकेला देखकर उसके घर में घुस गया और अपने हाथ में लिए चारपाई के पाये से नसीब कौर के सिर पर कई वार कर दिए। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर घर के लोग वहां पहुंचे तो सोनू मौके से फरार हो गया। उन्होंने देखा कि नसीब कौर कमरे में लहूलुहान पड़ी थी। बाद में उसे उपचार के लिए फतेहाबाद के सरकारी अस्पताल लाया गया जहां से उसे अग्रोहा रेफर कर दिया गया। अग्रोहा में चिकित्सकों में नसीब कौर को मृत घोषित कर दिया। जगजीवन ने आरोप लगाया कि सोनू ने अपने मां पर हमला कर उसकी हत्या की है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।