फतेहाबाद : बुजुर्ग महिला को बातों में उलझा,सोने की चूड़ी लेकर हुए फरार
फतेहाबाद : बुजुर्ग महिला को बातों में उलझा,सोने की चूड़ी लेकर हुए फरार
फतेहाबाद, 9 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के भट्टू रोड पर ऑटो रिक्शा का इंतजार कर रही बुजुर्ग महिला के हाथ से तीन अज्ञात युवक सोने की चूड़ी छीनकर फरार हो गए। युवकों ने मोदी की स्कीम होने और पॉलीथीन से कूपन निकालकर इनाम देने की बात कहकर महिला को उलझाया और वारदात को अंजाम दिया। इस बारे में पीड़ित महिला ने बुधवार को पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है।
शहर फतेहाबाद पुलिस को दी शिकायत में बेगु रोड सिरसा निवासी बुजुर्ग महिला राजरानी ने कहा है कि वह अपनी लड़की सोनू निवासी भोडिय़ाखेड़ा जाने के लिए भट्टू रोड पर पानी वाली टंकी के पास बने बस स्टॉप पर खड़ी होकर ऑटो रिक्शा का इंतजार कर रही थी। उसी समय एक युवक उसके पास आया और बोला कि माता जी मोदी की स्कीम चल रही है, आप इस पॉलीथीन में से एक पर्ची उठाओ, अगर इसमें से जो कुछ भी निकलेगा, वो आपको तुरंत मिल जाएगा। आपको एक लाख तक का ईनाम मिल सकता है।
बुजुर्ग महिला ने कहा कि इस पर उसने मना कर दिया। उसी समय दो ओर युवक मोटरसाइकिल पर आए और कहा कि माता जी एक बार कूपन निकालकर तो देखो। कूपन निकालने के बहाने युवकों ने उसका हाथ पॉलीथीन में डलवाया तो उसी समय उसकी आंखों के आगे अंधेरा छा गया और उसे कुछ दिखाई नहीं दिया। जब उसे होश आया तो उसने देखा कि उसके हाथ से सोने की चूड़ी गायब थी। महिला ने आरोप लगाया कि तीनों युवक कूपन से इनाम निकालने के बहाने धोखे से उसके हाथ से चूड़ी निकालकर मौके से फरार हो गए। इस पर पीड़ित महिला ने इस बारे में पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









