यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और असम के मुख्यमंत्री 22 काे कोडरमा में जनसभा को करेंगे संबोधित
यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और असम के मुख्यमंत्री 22 काे कोडरमा में जनसभा को करेंगे संबोधित
कोडरमा, 21 सितंबर (हि.स.)। भाजपा की परिवर्तन यात्रा को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वा शर्मा और यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 22 सितंबर को हेलिकॉप्टर से कोडरमा पहुंचेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
पहली सभा ब्लॉक मैदान, झुमरीतिलैया में पूर्वाह्न 10.30 बजे आयोजित है, जहां यूपी के उप मुख्यमंत्री आमजनों को संबोधित करेंगे। जबकि दूसरी सभा इंदरवा फुटबॉल मैदान में अपराह्न दो बजे से होगी, जहां असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वा शर्मा लोगों को संबोधित करेंगे। केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक डॉ नीरा यादव ने यह जानकारी शनिवार को परिसदन कोडरमा में संयुक्त रूप से दी है।
मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि पहले ही दिन से भाजपा की आयोजित परिवर्तन यात्रा कार्यक्रम में लोगों के बीच भारी उत्साह है। लोगों ने झारखंड में परिवर्तन का संकल्प ले लिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार पर निशाना साधा और कहा कि राज्य में लूट और झूठ की सरकार है। सीएम हेमंत सोरेन ने पिछले चुनाव में कई वायदे किए, लेकिन एक भी पूरा करने में विफल रहे। उन्होंने कहा कि उत्पाद विभाग की सिपाही बहाली दौड में 15 लोगों की जान चली गयी। मौके पर पार्टी जिलाध्यक्ष अनूप जोशी, रमेश हर्षधर, गोपाल कुमार गुतुल, रामचंद्र सिंह, शिवेन्द्र नारायण आदि मौजूद थे।
—————









