भाजपा की परिवर्तन यात्रा हेमंत सरकार के लिए राजनीतिक रूप से अंतिम यात्रा होगी: प्रतुल नाथ शाहदेव

भाजपा की परिवर्तन यात्रा हेमंत सरकार के लिए राजनीतिक रूप से अंतिम यात्रा होगी: प्रतुल नाथ शाहदेव

खूंटी, 19 सितंबर (हि.स.)। राज्य में चारों ओर अन्याय, अत्याचार, भ्रष्टाचार और महिला उत्पीड़न का बोलबाला है। हेमंत सरकार ने सारी सीमाएं तोड़ दी हैं। उनके कार्यकाल में महिला उत्पीड़न और रेप के सात हजार मामले दर्ज हुए हैं। सरकार की वादा खिलाफी से राज्य की जनता अपने को ठगा महसूस कर रही हैं। इस स्थिति में अब झारखंड को परिवर्तन चाहिए। राज्य में व्याप्त अन्याय अत्याचार और भ्रष्टाचार के विरुद्ध परिवर्तन के लिए झारखंड ने अंगड़ाई ले ली है।

इस निमित्त राज्य के सभी प्रमंडलों में भाजपा द्वारा आयोजित परिवर्तन यात्रा हेमंत सरकार के लिए राजनीतिक रूप से अंतिम यात्रा साबित होगी। यह बातें भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल न्नाथ शाहदेव ने कही। शहदेव गुरुवार को खूंटी जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के लिए आयोजित परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ 23 सितंबर को खूंटी से किया जाएगा। बाबा आम्रेश्वर धाम अंगराबारी में पूजा-अर्चना के बाद उसी दिन खूंटी कचहरी मैदान में आयोजित परिवर्तन महासभा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह भोगनाडीह में आयोजित परिवर्तन यात्रा में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने आदिवासियों और मूलवासियों को सत्ता में भागीदारी देने का वादा किया था, लेकिन वे खुद जमीन हड़पने में रह गए और पांच माह की जेल यात्रा कर वापस लौटे। हेमंत सरकार के कार्यकाल में उनके सारे स्वजन माइनिंग लाइसेंस, लैंड लाइसेंस, कृषि लाइसेंस सहित तमाम चीजों से जहां उपकृत हुए, वहीं राज्य के आदिम जनजाति आदिवासियों की स्थिति बद से बदतर होती गई और मूलवासी भी पूरी तरह से उपेक्षित रहे। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के बारे में दो बातें प्रचलित हैं, पहली जो बातें हेमंत सोरेन कहते हैं, उसे निश्चित ही वे करते नहीं और दूसरी कोई ऐसा सगा नहीं, जिसे हेमंत ने ठगा नहीं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर ने कहा कि दक्षिण छोटानागपुर प्रमंडल के लिए आयोजित परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ 23 सितंबर को खूंटी से और समापन एक अक्टूबर को रांची में होगा। खूंटी से प्रारंभ होनेवाली परिवर्तन यात्रा खूंटी से सिमडेगा, गुमला लोहरदगा आदि जिलों से होती हुई 998 किलोमीटर की यात्रा तय कर रांची जिले में प्रवेश करेगी। इस दौरान 15 विधानसभा क्षेत्रों के 35 प्रखंडों में कहीं-कहीं बड़ी सभा, छोटी सभा, नुक्कड़ सभा, रोड शो आदि का आयोजन होगा। बताया गया कि झारखंड के सभी प्रमंडलों में आयोजित होनेवाली परिवर्तन यात्रा पार्टी के लिए एक बड़ा कार्यक्रम है, जिसमें केंद्रीय नेता, केंद्रीय मंत्री, प्रदेशों के मुख्यमंत्री सहित राज्य के वरिष्ठ नेता, सांसद और विधायक शामिल होंगे।

—————