तोरपा में स्वच्छता पखवाड़ा शुरू, लोगों ने ली स्वच्छता की शपथ

तोरपा में स्वच्छता पखवाड़ा शुरू, लोगों ने ली स्वच्छता की शपथ

खूंटी, 14 सितंबर (हि.स.)। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के तत्वावधान में तोरपा प्रखंड मुख्यालय में रविवार को स्वच्छता पखवाड़ा की शुरुआत हुई। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमुद कुमार झा ने स्वास्थ्य कर्मियों, प्रखंड और आंचल के कर्मचारियों और पेयजल एवं स्वच्छता किवभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। कई जगहों पर स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।

स्वच्छता की शपथ लेते हुए कहा, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सपनों को साकार करने के लिए हम अपनी ग्राम पंचायत को खुले में शौच मुक्त की स्थिति में स्थायित्व प्रदान करने की ओर पहल करेंगे। ठोस और तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए आवश्यकता के आधार पर योजना बनाकर कार्य करेंगे। साथ ही हम अपनी पंचायत को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करेंगे। अपने गांव में होनेवाले शादी-विवाह या कोई भी उत्सव में पत्ते एवं मिट्टी से बनी सामग्री का उपयोग करेंगे। प्लास्टिक कचरे से पानी और मिट्टी को दूषित होने से बचाएंगे। सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने के लिए कपड़ों की थैली का उपयोग करेंगे।

इसके बावजूद अगर हमारे गांव या पंचायत में प्लास्टिक का उपयोग होता है, तो उसे हम घर के स्तर पर जमा करेंगे, न ही उसे फेंकेंगे और न ही जलाएंगे। पुराने प्लास्टिक और बोतलों का पुनः उपयोगी सामग्री बनाएंगे। घर के स्तर पर जमा प्लास्टिक को पंचायत स्तर पर बनने वाले प्लास्टिक पृथकीकरण केंद्र में भेजेंगे। पंचायत में जमा किए गए प्लास्टिक को प्रखंड स्तर पर भेजेंगे। पुराने प्लास्टिक को हम पंचायत के लिए आय का साधन बनेंगे। अपने गांव में पंचायत को प्लास्टिक मुक्त बनाएंग।

इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमुद कुमार झा रेफरल अस्पताल तोरपा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मिदेन मुंडू, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ सुरेश कुमार, जिला को ऑर्डिनेटर कुमार जयंत, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता रावेल होरेा सहित अन्य उपस्थित थे।

—————