चोरों नें घनश्याम ज्वेलर्स को बनाया निशाना, उड़ाए लाखों के जेवरात
पलामू, 09 अप्रैल । जिले के पांकी मुख्य चौराहा-शहीद भगत सिंह चौक के समीप रामसेवक कॉम्प्लेक्स में स्थित घनश्याम ज्वेलर्स में बीती रात हुई बड़ी चोरी की घटना को चोरों ने फिल्मी अंदाज़ में अंजाम दिया।
मार्केट के पिछले हिस्से में बने छोटे गेट को तोड़कर चोर भीतर घुसे और उसके बाद दुकान का शटर काटकर अंदर प्रवेश किया और दुकान में रखे सोने-चांदी के कीमती गहने, नकदी सहित कई कीमती सामान पर हाथ साफ किया और फिर उसी पिछले गेट से फरार हो गए। घटना को अंजाम देने से पहले शातिर चोरों ने सामने लगे चैनल गेट में काला प्लास्टिक बांध दिया, ताकि किसी को अंदर की हलचल दिखाई न दे सके।
चोर इतने सतर्क और योजनाबद्ध थे कि उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के हार्ड डिस्क को भी उखाड़ लिया, जिससे घटना से जुड़ा कोई डिजिटल सुराग पुलिस को न मिल सके। इससे चोरों की प्रोफेशनल प्लानिंग साफ झलकती है।
घटना की जानकारी मिलते ही गुरूवार को पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस इस घटना को पूरी गंभीरता के साथ देख रही है। खोजी कुत्ता का भी मदद लिया जा रहा है। बहुत जल्द घटना का उद्भेदन कर लिया जाएगा।
चोरी की इस बड़ी वारदात ने पांकी के व्यवसायियों को चिंता में डाल दिया है। बाजार के दुकानदार भयभीत हैं और पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है। व्यवसायियों का कहना है कि लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना पनप रही है।









