jh-shiv-katha-parthiv-pujan-baba-vaidyanath-ranchi

बाबा बैद्यनाथ सभी जीवों के कष्ट हरने वाले जीवंत शिव स्वरूप : आचार्य राजकुमार

पूर्वी सिंहभूम, 04 अप्रैल । जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनगर स्थित हनुमान मंदिर में आयोजित सात दिवसीय पार्थिव पूजन यज्ञ सह शिव कथा का शनिवार को आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा के बीच समापन हो गया।

पूरे सप्ताह मंदिर परिसर शिवमय वातावरण में डूबा रहा, जहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना और कथा श्रवण के लिए पहुंचे। अंतिम दिन कथा व्यास आचार्य राजकुमार मिश्रा ने भगवान शिव की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम की दिव्यता का भावपूर्ण बखान किया।

अपने प्रवचन में आचार्य मिश्रा ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ केवल एक तीर्थ स्थल नहीं, बल्कि समस्त जीवों के कष्टों को हरने वाले जीवंत शिव स्वरूप हैं। उन्होंने बताया कि सच्ची श्रद्धा, विश्वास और भक्ति के साथ शिव उपासना करने से जीवन के दुखों का अंत होता है और आध्यात्मिक शांति की प्राप्ति होती है। उन्होंने पार्थिव पूजन को अत्यंत पुण्यदायी बताते हुए इसे मोक्ष प्राप्ति का मार्ग बताया।

कथा के दौरान उन्होंने सनातन धर्म की परंपराओं पर प्रकाश डालते हुए शिखा धारण करने के आध्यात्मिक महत्व को भी समझाया। साथ ही पारिवारिक जीवन में प्रेम, सम्मान और विशेष रूप से नारी सम्मान की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं देवताओं का वास होता है और वही घर स्वर्ग के समान बन जाता है।

सात दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक और शिव पुराण कथा का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। समापन के अवसर पर मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गूंज उठा और वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया।

इस आयोजन में कई प्रमुख गणमान्य लोगों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे।

युवक संघ दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

———