jh-roof-cut-theft-gang-busted

चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

पूर्वी सिंहभूम, 11 अप्रैल । बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत घाघीडीह स्थित मां तारिणी कॉलोनी में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक घर की एस्बेस्टस छत काटकर अंदर प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषणों के साथ-साथ कांसे के कीमती बर्तनों की चोरी कर फरार हो गए थे। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

शनिवार को पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय के निर्देश पर तेजी से कार्रवाई की गई। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चोरी में शामिल अपराधी बड़ौदा घाट स्थित सूर्य मंदिर के पास इकट्ठा होकर चोरी के सामान का बंटवारा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने देर रात छापेमारी की और मौके से यश शर्मा, देव गगराई और सुमित तांती को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों के पास से चोरी गया लगभग पूरा सामान बरामद कर लिया गया है। बरामद वस्तुओं में सोने की चेन, अंगूठी, कर्णफूल, मंगलसूत्र, बाजूबंद, चांदी की चेन, पायल, बिछिया, लड्डू गोपाल की चांदी की चूड़ियां सहित कई कीमती आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा बड़ी मात्रा में कांसे के बर्तन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त काले रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी (जेएच05 बीपी 2628) को भी जब्त कर लिया है, जिसका उपयोग अपराधियों ने चोरी के बाद भागने में किया था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार तीनों आरोपित पहले से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। इनके खिलाफ बागबेड़ा थाना में वर्ष 2021 से 2025 के बीच चोरी और अन्य मामलों में करीब आधा दर्जन केस दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय था और सुनसान घरों को निशाना बनाकर इसी तरह की वारदातों को अंजाम देता था।

इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व डीएसपी (विधि-व्यवस्था) के निर्देश पर बागबेड़ा थाना प्रभारी उमेश ठाकुर और उनकी टीम ने किया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है ताकि शहर में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता का पता लगाया जा सके। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश भी तेज कर दी गई है।