योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें अधिकारी : उपायुक्त
खूंटी, 01 अप्रैल । नीति आयोग, भारत सरकार अंतर्गत आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत संपूर्णता अभियान 2.0 को लेकर उपायुक्त आर रॉनिटा ने बुधवार को समाहरणालय स्थित सभागार में सभी संबंधित पदाधिकारियों संग विभिन्न इंडिकेटर पर किए जा रहे कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक किया।
बैठक में उपायुक्त ने एक एक कर किए गए कार्यों एवं इंडिकेटर की समीक्षा कर संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। यह अभियान 28 जनवरी से 14 अप्रैल तक संचालित किया जा रहा है। उपायुक्त ने कहा कि संपूर्णता अभियान 2.0 का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं पशुपालन सहित विभिन्न विकासात्मक मानकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण करना है।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की जाए। उपायुक्त ने विशेष रूप से कुपोषण मुक्ति, शत-प्रतिशत टीकाकरण, विद्यालयों में नामांकन, शौचालय एवं उपस्थिति दर में वृद्धि, आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल, शौचालय की व्यवस्था, कुपोषित बच्चों एवं टीबी के मरीजों को चिन्हित कर उनका बेहतर उपचार, नवजात बच्चों के वजन की जांच, पशुओं का टीकाकरण सहित अन्य पशुपालन योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन पर जोर दिया। उपायुक्त ने विभागों को समन्वय एवं सतत निगरानी से अभियान के लक्ष्यों की प्राप्ति के निर्देश दिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त आलोक कुमार, जिला विकास शाखा पदाधिकारी ब्रजलता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, चिकित्सक, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।









