jai-ram-thakur-ex-cm-nerchwak-

सिया हत्याकांड: जयराम ठाकुर ने परिवार से मिलकर जांच और कड़ी सजा की मांग की

मंडी, 13 अप्रैल । पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नेरचौक मेडिकल कालेज में बिटिया सिया के पिता व परिजनों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि बिटिया के पिता चिंतित थे कि इस प्रकार की घटनाएं किसी और के साथ न हो। उन्होंने कहा कि आज कहने के लिए शब्द नहीं हैं, संवेदनाएं जाहिर करने की भी हिम्मत नहीं है, बिटिया के पिता जी से नज़रें मिलाने का भी साहस नहीं हो रहा था।

उन्होंने कहा कि घर से हंसते खेलते सुबह कॉलेज के लिए निकली बेटी के साथ यदि ऐसा कुछ हो जाए तो उस पिता और परिजनों पर क्या बीतेगी। यह शब्दों में बयान नहीं हो सकता है। हम परिवार के साथ हैं, बिटिया के न्याय के लिए जी जान से लड़ेंगे, जितने भी लोग इसमें शामिल होंगे, सबको क़ानून का सामना करना पड़ेगा।

जयराम ने कहा कि इस बात की भी जांच होनी चाहिए कि उस नशेड़ी व्यक्ति का किसी ने इस्तेमाल तो नहीं किया है। इसके पीछे कहीं कोई और लोग तो नहीं है। जयराम ठाकुर ने कहा कि अभी तक जितनी बातें पता चली हैं, उससे एक बात साफ है कि हत्यारा नशे का आदी था। सरकार द्वारा नशे के खिलाफ जो लड़ाई लड़ी जा रही है, उसमें गंभीरता कम और दिखावा ज्यादा है। इसी कारण प्रदेश के कोने-कोने में नशा फैल रहा है। हाल ही में प्रदेश में ऐसे निर्मम हत्याकांड हुए हैं, जिनमें हत्यारे नशे के आदी पाए गए हैं। प्रदेश में पहले जो नशा बॉर्डर एरिया तक सीमित था, आज वह प्रदेश के कोने-कोने में फैल रहा है, लेकिन सरकार सिर्फ इवेंटबाज़ी कर रही है।

नशे के खिलाफ हमारी लड़ाई को और अधिक गंभीरता तथा सख्ती से लड़ने की आवश्यकता है। इसके लिए कानून में जो भी बदलाव करने हों, भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से सरकार के साथ है। लेकिन सरकार नशे के खिलाफ लड़ाई में गंभीरता लाए और इवेंटबाज़ी की बजाय प्रभावी कार्रवाई को प्रोत्साहित करे। प्रदेश में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां नशे से जुड़े लोगों की संलिप्तता की खबरें आईं, लेकिन सरकार द्वारा कार्रवाई के नाम पर लीपापोती की गई। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि मामले की जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।