दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम के लोगों ने फर्जी फर्म बनाकर की करोड़ों की जीएसटी चोरी, केस दर्ज
मुरादाबाद, 03 अप्रैल । दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम के पांच लोगों ने नागफनी थाना क्षेत्र में फर्जी फर्म बनाकर करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी कर ली। पांचों आरोपितों के खिलाफ शुक्रवार को मुरादाबाद के थाना नागफनी में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
राज्य कर खंड-2 की उपायुक्त रीना ने नागफनी थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि दिल्ली के मचला मार्ग निवासी फर्म डायरेक्टर रेनू सतीजा, नोएडा के छिजारसी निवासी विकास अहलावत, हरियाणा के गुरुग्राम सेक्टर 12 निवासी रेखा गिल, दिल्ली के हरिनगर निवासी भूषण कुमार चंद्रा, दिल्ली के मचला मार्ग निवासी चांद सतीजा ने सैमसंग ओवरसीज लिमिटेड नाम से 24 अगस्त 2018 को फर्म का पंजीकरण कराया था।
आरोपितों ने बताया था कि फर्म में वाहनों के पुर्जे और कपड़ों का कारोबार करने की बात कहकर जीएसटी नंबर लिया था। इस फर्म का पता नागफनी दौलतबाग दिया गया था। जीएसटी विभाग की टीम ने 15 नवम्बर 2018 को फर्म का सर्वेक्षण किया तो पता चला कि जीएसटी नंबर लेते हुए जो फर्म का पता दिया गया था वहां इस नाम की कोई फर्म ही नहीं थी। इसके बाद फर्म का पंजीकरण 16 नवम्बर 2018 को निरस्त कर दिया गया था।









