disease-control-campaign-bareilly

कूड़ा कूड़ेदानी में, सोएं मच्छरदानी में: संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू

बरेली, 01 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली में बुधवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान की शुरुआत के साथ स्वास्थ्य विभाग ने साफ-सफाई, मच्छरजनित रोगों की रोकथाम और हीट वेव से बचाव को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान शुरू कर दिया। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिविल लाइंस में आयोजित कार्यक्रम में विधायक कैंट संजीव अग्रवाल के प्रतिनिधि ने जागरूकता रैली, फॉगिंग मशीन और प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान 14 वर्षीय पांच किशोरियों को एचपीवी टीकाकरण कर प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलेगा, जबकि दस्तक अभियान 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा। जिला मलेरिया अधिकारी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि मलेरिया निरीक्षक हाई रिस्क क्षेत्रों में वेक्टर घनत्व का आकलन करेंगे। कार्यक्रम में नोडल एनयूएचएम डॉ. अजमेर सिंह, प्रभारी अधिकारी नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डॉ. अमनदीप कौर, एसएमओ डब्ल्यूएचओ डॉ. पीवी कौशिक, सहायक मलेरिया अधिकारी, मलेरिया निरीक्षक, आशा, एएनएम और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।————-