गणेश निमंत्रण के साथ 15 दिवसीय जन्मोत्सव का आगाज
जयपुर, 12 अप्रैल । सर्व ब्राह्मण महासभा द्वारा इस वर्ष पहली बार भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोह का आयोजन देश के साथ-साथ विश्व के 10 प्रमुख देशों में किया जाएगा। इसी क्रम में मोती डूंगरी स्थित गणेश जी मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ गणेश निमंत्रण देकर 15 दिवसीय भव्य कार्यक्रमों का विधिवत शुभारम्भ किया गया।
कार्यक्रम में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा ने सपत्निक नीलम मिश्रा सहित संत-महंतों की उपस्थिति में प्रथम पूज्य भगवान गणपति का विधि-विधान से पूजन कर जन्मोत्सव समारोह के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान सुदर्शन आचार्य (घाट के बालाजी), आचार्य राजेश्वर जी, संजय गोस्वामी (लाडली मंदिर), त्रिविकामा आचार्य जी महाराज, लोकेश मिश्रा (प्राचीन श्याम मंदिर), पं. नीतीश चतुर्वेदी (गीता गायत्री मंदिर) एवं मेहंदीपुर बालाजी के प्रतिनिधि सुदीप तिवारी सहित अनेक संत-महंत मौजूद रहे। वैदिक मंत्रोच्चारण एवं सस्वर पाठ के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
जयपुर शहर अध्यक्ष अजय शर्मा ने बताया कि 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर राजस्थान, देश की विभिन्न राजधानियों सहित ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, लंदन, कनाडा, इटली, अमेरिका, बैंकाक, दुबई, कतर एवं पोलैंड में धूमधाम से भगवान परशुराम जन्मोत्सव मनाया जाएगा। साथ ही देशभर में शस्त्र पूजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि राजस्थान के सभी जिला मुख्यालयों, तहसील एवं गांव-ढाणी स्तर तक 15 दिनों तक शोभायात्रा, कीर्तन, सम्मान समारोह सहित विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
इस अवसर पर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री (महिला प्रकोष्ठ) सविता शर्मा, संगठन महामंत्री परमिंदर शर्मा, युवा प्रकोष्ठ के संभाग अध्यक्ष दिनेश शर्मा, संभाग अध्यक्ष अनिल सारस्वत, महामंत्री मनोज मिश्रा, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष एडवोकेट कमलेश शर्मा सहित कई पदाधिकारियों ने पूजा-अर्चना कर गणेश निमंत्रण किया।
इस कार्यक्रम के दौरान भगवान परशुराम के कटआउट एवं रंगीन स्टीकर का विमोचन भी किया गया। विमोचन समारोह में पंकज शर्मा (सोडाला), विष्णुदत्त शर्मा, सत्यवीर भारद्वाज, प्रमोद शर्मा, राजेश शांडिल्य, राजू शर्मा, भरत शर्मा, वरुण शर्मा, अशोक शर्मा, उमाशंकर शर्मा, सूर्या शर्मा, देवेंद्र शर्मा, हरि शर्मा, राम शर्मा, मंजूलता शर्मा, निधि शर्मा, महेश भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह में करीब 200 से अधिक ब्राह्मण समाज के विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारी एवं विप्र बंधु शामिल हुए। इस दौरान युवाओं ने भगवान गणेश एवं भगवान परशुराम के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा ने बताया कि 15 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन के तहत पूरे प्रदेश में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।









