बस्तर हेरिटेज मैराथन के लिए प्री-इवेंट में योग व ज़ुम्बा सत्र का आयोजन
जगदलपुर, 14 मार्च । बस्तर हेरिटेज मैराथन के आयोजन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल बनता जा रहा है। आगामी 22 मार्च को आयोजित होने वाली बस्तर हेरिटेज मैराथन में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को प्री-इवेंट के तहत शहर के दलपत सागर के द्वीप में योग एवं ज़ुम्बा सत्र का आयोजन किया गया।
योग और जुम्बा कार्यक्रम के उपरांत महापौर संजय पांडेय, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर सी.पी. बघेल, आयुक्त नगर निगम प्रवीण वर्मा, एमआईसी सदस्य संग्राम सिंह तथा सहायक कलेक्टर विपिन दुबे सहित अन्य अधिकारियों ने बस्तर हेरिटेज मैराथन की टी-शर्ट का अनावरण किया।
महापौर संजय पांडे ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश में पहला फुल मैराथन बस्तर हेरिटेज मैराथन का आयोजन 22 मार्च को किया जा रहा है। बड़ी संख्या में मैराथन के लिए पंजीयन कर सकारात्मक ऊर्जा के साथ बस्तर हेरिटेज मैराथन में शामिल हो और दौड़े जरूर । बस्तर में फुल मैराथन का आयोजन जरूरी था। जिस प्रकार से शासन-प्रशासन शांति, एकता, संस्कृति के साथ विकास का प्रयास कर रही है। उसी के साथ ही बस्तर की विविध क्षेत्र में छुपी हुई प्रतिभाओं को अवसर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में खेल गतिविधियों के लिए बस्तर ओलंपिक और बस्तर के जनजातीय सांस्कृतिक विविधता के संरक्षण के लिए बस्तर पण्डुम का आयोजन किया जाता रहा है। इस मैराथन में अधिक से अधिक लोगों की पंजीयन और दौड़ में शामिल होने से क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को अवसर के साथ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा साथ ही दूरगामी सुखद परिणाम भी हमको देखने मिलेंगा।
बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह ने मैराथन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मैराथन में अधिक संख्या में लोगों की भागीदारी के लिए यह प्री-इवेंट किया गया था। इस बस्तर मैराथन में अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रदेश के और बस्तर संभाग के खिलाड़ी शामिल भाग लेंगे, जो धावक अन्य स्थलों से आ रहे हैं, उनका स्वागत हमे बेहतर तरीके से करना है, ताकि बस्तर से वे अच्छी यादों के साथ जाए।
बस्तरआईजी सुंदरराज पी ने कहा कि बस्तर संभाग में अबूझमाड़ पीस मैराथन (21 किमी) के साथ अब फुल मैराथन के लिए बस्तर हेरिटेज मैराथन का आयोजन किया जा रहा है, यह क्षेत्र में शांति, एकता और सद्भावना के साथ विकास का बढ़ावा देने का संदेश है। इस मैराथन में देश-विदेश से धावक आएंगे इसलिए अधिक सहभागिता तथा मेहमानों का खुले दिल से स्वागत करते हुए कार्यक्रम को यादगार व सफल बनाने का प्रयास किया जाएगा।
योग और जुम्बा कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ सुरक्षा बलों के जवानों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और फिटनेस तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम स्थल पर बस्तर हेरिटेज मैराथन के लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन डेस्क भी स्थापित की गई थी, जहां नागरिकों का मैराथन में भाग लेने के लिए पंजीयन कराया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने मौके पर ही पंजीयन कराकर मैराथन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। इस अवसर पर अधिकारियों ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में मैराथन में शामिल होकर स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का आह्वान किया।









