वाराणसी : हास्य व्यंग्य एवं काव्य रचनाओं की प्रस्तुति के बीच कलमकारों ने खेली फूलों की होली
वाराणसी, 07 मार्च । धर्म, सम्प्रदाय जाति के बंधन खोल कर परस्पर भाईचारे का संदेश देते हुए कलमकारों ने शनिवार को पराड़कर स्मृति भवन में होली मिलन समारोह मनाया। काशी पत्रकार संघ से संचालित वाराणसी प्रेस क्लब के तत्वावधान में नगर के नामचीन कवियों ने अपनी काव्य रचनाओं से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कविता पाठ के बीच गुलाब की पंखुड़ियां और गुलाल उड़ाते हुए सबका स्वागत हुआ।
इस अवसर पर आयोजित कवि सम्मलेन में ब्रजेश चन्द्र पाण्डेय, डॉ. नागेश शांडिल्य, राजलक्ष्मी मिश्रा के अलावा कवि सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे सिद्धनाथ शर्मा ‘सिद्ध’ तथा संचालन कर रहे वरिष्ठ पत्रकार व कवि अरविन्द मिश्र ‘हर्ष’ ने अपनी रचनाएं पढ़ीं। इस दौरान संघ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अत्रि भारद्वाज एवं कृष्णदेव नारायण राय ने अपनी स्वरचित रचनाएं प्रस्तुत कीं। इसके पूर्व कवियों व अतिथियों का स्वागत वाराणसी प्रेस क्लब के अध्यक्ष चंदन रूपानी ने किया। कोषाध्यक्ष संदीप गुप्ता, उपाध्यक्ष देव कुमार केशरी व संयुक्त मंत्री अभिषेक सिंह ने अंगवस्त्रम से सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष अरुण मिश्र, उद्बोधन महामंत्री जितेन्द्र श्रीवास्तव व संचालन क्लब के मंत्री विनय शंकर सिंह ने किया। इस अवसर पर अतिथि के रूप में वीडीए सलाहकार समिति के सदस्य अम्बरीष सिंह भोला, वरिष्ठ अधिवक्ता अजय मुखर्जी, आयुर्वेद के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अजय गुप्ता के अलावा अन्य समाजसेवी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सुरेन्द्र नारायण तिवारी, पुरुषोत्तम चतुर्वेदी, उमेश गुप्ता, अश्वनी श्रीवास्तव, हरिबाबू श्रीवास्वत ‘अन्नू’, आशिष बागची, केबी रावत, अजय राय, रोहित चतुर्वेदी, पंकज त्रिपाठी, चन्द्रकांत सिंह, दिलीप कुमार आदि पत्रकार मौजूद रहे।









