up-vns-cultural-activities-bareka

वाराणसी : बरेका में सांस्कृतिक एवं महिला सशक्तिकरण समारोह में दिखी नारी शक्ति की उपलब्धियां

वाराणसी, 12 मार्च । उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में गुरूवार को बरेका सिनेमा हॉल में सांस्कृतिक एवं महिला सशक्तिकरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नारी शक्ति की उपलब्धियों को सम्मानित करना तथा समाज, रेल और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं के अमूल्य योगदान को रेखांकित करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत में वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. मधुलिका सिंह ने मुख्य अतिथि बरेका महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्ष गौरी श्रीवास्तव को पौधा भेंट किया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर शिव वंदना की प्रस्तुति हुई। कार्यक्रम में गौरी श्रीवास्तव ने कहा कि “महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। राष्ट्र के विकास और समाज के सशक्त निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।”

कार्यक्रम में 01 मार्च 2026 से 28 फरवरी 2027 के मध्य सेवानिवृत्त होने वाली महिला कर्मचारियों को उपाध्यक्ष ने अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया । कार्यक्रम में आमंत्रित वक्ता डॉ. रचना अग्रवाल (समाज सेविका एवं पूर्व अध्यक्षा – बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ) तथा डॉ. मधुलिका सिंह ने महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता पर अपने विचार साझा किए। समारोह के दौरान प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। पूजा चौधरी के निर्देशन में प्रस्तुत कुमारी खुशी शर्मा का भावनृत्य शिव वंदना, करुणा सिंह का कविता पाठ तथा निशा, दीप्ति गुप्ता एवं नीतू जैसवार द्वारा प्रस्तुत गीतों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके अतिरिक्त नारी सशक्तिकरण विषय पर आधारित लघु नाटक, समूह होली नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम का संचालन करुणा सिंह और धन्यवाद ज्ञापन सहायक कार्मिक अधिकारी पीयूष मिंज ने किया।