ट्रैक्टर-टवेरा की भीषण टक्कर, चार गंभीर घायल
प्रयागराज, 03 मार्च । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित बारा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात ट्रैक्टर और टवेरा वाहन के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि टवेरा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन के अंदर फंस गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का दरवाजा तोड़कर चालक को बाहर निकाला, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि ट्रैक्टर और टवेरा की आमने-सामने टक्कर में चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति की निगरानी की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।









