बुजुर्गों को सम्मान देना हम सभी की जिम्मेदारी : शैलजा मिश्रा
देवरिया, 12 मार्च । राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जनपद न्यायाधीश धनेन्द्र प्रताप के मार्गदर्शन में पूरवा मेहड़ा स्थित वृद्धाश्रम में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता कार्यक्रम आयाेजित किया गया। कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शैलजा मिश्रा ने कहा कि वृद्धजनों सम्मान और संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज (एसडी) शैलजा मिश्रा ने आगे कहा कि बुजुर्गों के अनुभव से समाज और परिवार को आगे बढ़ने की दिशा मिलती है। उन्होंने वृद्धाश्रम में रह रहे संवासियों से मुलाकात कर उनके खान-पान, रहन-सहन और सुविधाओं के बारे में जानकारी भी ली। उन्होंने संबंधित लोगों को निर्देश दिया कि वृद्धजनों के हितों को ध्यान में रखते हुए उनकी समुचित देखरेख, सुरक्षा, उपचार और विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को समाज से जोड़कर उन्हें सक्रिय जीवन जीने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए, ताकि वे अपने अनुभवों के माध्यम से समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।——–









